गौतमबुद्धनगर , अप्रैल 30 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने ग्रेटर नोएडा स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में वेयरहाउस में रखे जाने वाले सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और वोटर वेरिफ़ायबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) की सुरक्षा और सुव्यवस्था की समीक्षा कर मासिक निरीक्षण किया।

गुरुवार को निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि,वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया।

उन्होंने मुख्य द्वार पर लगे ताले और सील की जांच की, जो पूरी तरह सुरक्षित पाए गए। इसके साथ ही वेयरहाउस में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की भी जांच की गई। सभी कैमरे सुचारू रूप से कार्यरत पाए गए और निगरानी प्रणाली पूरी तरह सक्षम मिली।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस में तैनात सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिए कि वे सुरक्षा व्यवस्था को निरंतर मजबूत बनाए रखें और पूर्ण सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का पालन करें। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों से कहा कि चुनावों की निष्पक्षता और ईवीएम/वीवीपैट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह जिम्मेदारी हर समय गंभीरता से निभाई जानी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच की गई। सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और व्यवस्थित पाई गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कर्मचारीगणों की जिम्मेदारी और तत्परता की सराहना की।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन कार्यालय के सभी संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने निरीक्षण में सहयोग प्रदान किया। अधिकारियों ने कहा कि मासिक निरीक्षण प्रक्रिया चुनावों की निष्पक्षता और मतदान सामग्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित