वाराणसी , अगस्त 3 -- श्रावण मास में काशी विश्वनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए सुगम दर्शन, जलाभिषेक तथा निर्बाध आवागमन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को गोदौलिया, दशाश्वमेध, नीचीबाग तथा मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर जलाभिषेक के लिए कतारबद्ध श्रद्धालुओं से बातचीत कर मंदिर की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं से उनके आगमन स्थल, कतार में प्रतीक्षा अवधि तथा किसी प्रकार की असुविधा के बारे में पूछताछ की और भगवान शिव से सभी के सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन एवं जलाभिषेक किया। उन्होंने कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी भी की तथा संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और बाबा भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। दोनों अधिकारियों ने नगर निगम के अधिकारियों को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, मंदिर प्रशासन के अधिकारी तथा प्रशासन एवं पुलिस के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित