पटना , अक्टूबर 19 -- राजधानी पटना के गांधी मैदान में 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले रावण वध कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कुंदन कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने तैयारियों की समीक्षा की।जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने इस दौरान गांधी मैदान में की गई बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने सुरक्षा से संबंधित सभी विन्दुओं को ध्यान मे रख कर सभी तैयारी पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं एवं दर्शकों की सुविधा तथा भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए प्रवेश द्वारों के लिए अलग-अलग व्यवस्था निर्धारित की गई है। इसके तहत गेट नम्बर 1 से मुख्य अथितिगण,गेट नंबर-4 से वीआईपी, गेट नंबर-12 से वीवीआईपी एवं मीडिया प्रतिनिधि तथा गेट नंबर-13 से दशहरा कमेटी के सदस्यों का प्रवेश होगा। अन्य निर्धारित प्रवेश द्वारों से आमजन गांधी मैदान में प्रवेश कर सकेंगे। महिलाओं की सुविधा के लिए मैदान के अंदर दो महिला दीर्घा की व्यवस्था की गई है।

जिला प्रशासन ने सभी दर्शकों से अनुरोध किया है कि वे शाम 4 बजे तक अपना स्थान ग्रहण कर लें।

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं दर्शकों की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित