मुंबई , जुलाई 16 -- रिलायंस समूह की वित्तीय कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 830 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ अर्जित किया, जो एक साल पहले की समान तिमाही से 156 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी के निदेशक मंडल की गुरुवार को हुई बैठक में वित्तीय परिणामों को स्वीकृति प्रदान की गयी।
आलोच्य तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व 3.27 गुना होकर 2,004 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। लाभांश को छोड़कर कंपनी की कुल आय 1,496 करोड़ रुपये रही जो सालाना आधार पर 141 प्रतिशत बढ़ी है। लाभांश सहित शुद्ध लाभ 131 फीसदी बढ़कर 970 करोड़ रुपये रहा।
जियो फाइनेंस की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कंपनी के प्रवर्तक समूह से पहली तिमाही में 5,934 करोड़ रुपये की दूसरी पूंजी किस्त प्राप्त हुई, जिससे कुल पूंजी निवेश बढ़कर 9,890 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने बताया कि उसके सभी व्यवसायों में तेजी से वृद्धि हुई है। जियो क्रेडिट लिमिटेड के ऋण कारोबार, एसेट मैनेजमेंट और पेमेंट्स व्यवसाय में लगातार विस्तार हुआ है। साथ ही जियोफाइनेंस ऐप पर बढ़ती डिजिटल भागीदारी और मजबूत ट्रेज़री संचालन ने नये संयुक्त उपक्रमों को भी मजबूत आधार प्रदान किया है। जियोफाइनेंस ऐप पर प्रतिदिन औसतन 34 हजार उत्पादों की खरीद दर्ज की गयी। रिवॉर्ड कार्यक्रम के तहत 20.4 करोड़ जियोप्वाइंट्स जारी किये गये और 57 लाख ग्राहक इससे लाभांवित होंगे।
जियो क्रेडिट लिमिटेड की कुल प्रबंधनाधीन परिसंपत्ति (एएमयू) 2.6 गुना की सालाना वृद्धि के साथ 30,667 करोड़ रुपये पर पहुंच गयी। ऋण वितरण 2.7 गुना बढ़कर 11,252 करोड़ रुपये हो गया।
जियो पेमेंट्स बैंक की कुल आय 83 करोड़ रुपये रही। यह सालाना 7.7 गुना की वृद्धि दिखाता है। कुल जमा राशि 617 करोड़ रुपये रही जो सालाना 72 प्रतिशत अधिक है। चालू खाता और बचत खाताधारकों की संख्या बढ़कर 39 लाख हुई। सक्रिय बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट नेटवर्क 5,27,037 तक पहुंच गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित