मुंबई , जून 19 -- रिलायंस इंडस्ट्रीज अपनी दूरसंचार कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) में 27 करोड़ शेयर बिक्री के लिए उपलब्ध करायेगी।

कंपनी के निदेशक मंडल ने शुक्रवार को आईपीओ के रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस को मंजूरी प्रदान की और बाद में इसे सेबी के पास जमा कराया गया। इसमें बताया गया है कि जियो प्लेटफॉर्म्स बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध होगी। इसमें 10 रुपये अंकित मूल्य वाले 27 करोड़ शेयर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।

कंपनी बताया है कि कम से कम 35 प्रतिशत शेयर खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों के लिए और 15 प्रतिशत गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए उपलब्ध होंगे। पात्र संस्थागत निवेशकों को अधिकतम 50 प्रतिशत शेयर बेचे जायेंगे।

रिलायंस इडंस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने आज यहां हुई कंपनी की वार्षिक आम बैठक में बताया कि आईपीओ प्रक्रिया का नेतृत्व ईशा, आकाश और अनंत अंबानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक समय था कि जब डाटा और वॉयस महंगा था और डाटा स्पीड कम थी। जियो ने इस पूरे परिप्रेक्ष्य को बदल दिया है। पहले भारत को प्रौद्योगिकी का आयातक माना जाता था, लेकिन जियो के इंजीनियरों ने इस धारणा को गलत साबित कर दिया है।

रिलायंस जियो के ग्राहकों की कुल संख्या 31 मार्च 2026 को 52.44 करोड़ थी। वित्त वर्ष 2025-26 में उसका परिचालन राजस्व 1,46,885 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी ने बताया है कि आईपीओ से प्राप्त पूंजी में से 27,500 करोड़ रुपये रिलायंस जियो इंफोकॉम की देनदारियों को पूरी तरह या आंशिक रूप से चुकाने में इस्तेमाल किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित