सोनीपत , अप्रैल 11 -- हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना में शुक्रवार देर रात एक जिम मालिक पर सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला किये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमलावरों ने पहले उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और फिर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिम मालिक प्रमोद गोहाना रेलवे स्टेशन के पास स्थित अपने जिम से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कार में सवार चार युवकों ने उन्हें निशाना बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने पहले जानबूझकर उनकी बाइक को टक्कर मारी और गिराने के बाद धारदार हथियारों से कई वार किये।
हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रमोद अनाज मंडी क्षेत्र में जिम संचालित करते हैं। पुलिस के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है और हमले के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित