अबु धाबी , अक्टूबर 18 -- क्रेग इरविन 693), ब्रेंडन टेलर (81) रनों की शानदार पारियों के बाद ब्रैड इवांस (चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत जिम्बाब्वे ने एकदिवसीय त्रिकोणीय श्रृंखला के पहले मुकाबले में बंगलादेश पर 99 रनों से जीत दर्ज की।

अनुभवी खिलाड़ियों क्रेग इरविन (93) और ब्रेंडन टेलर (81) ने 150 रनों की साझेदारी करके जिम्बाब्वे को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला और टीम को 271/8 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद, जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने बंगलादेश को 34 ओवरों के भीतर ही समेट दिया। अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेली जा रही वनडे ट्राई-सीरीज के पहले मैच मेंजिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन शुरुआत में ही उन्हें बड़ा झटका लगा। तस्कीन अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सात ओवरों के भीतर ब्रायन बेनेट, बेन कुरेन और तफादज्वा त्सिगा को आउट कर जिम्बाब्वे का स्कोर 24/3 कर दिया। इसके बाद टेलर और इरविन ने चौथे विकेट के लिए एक बड़ी साझेदारी करके टीम को संकट से उबारा। टेलर ने 101 गेंदों में 81 रन बनाए, जबकि इरविन ने 106 गेंदों में 93 रनों की पारी खेलकर टीम को संभाले रखा।

सैफ हसन ने टेलर का विकेट लेकर इस अहम साझेदारी को तोड़ा और जल्द ही सिकंदर रजा को भी आउट कर दिया। निचले क्रम के बल्लेबाज न्यूमैन न्यामहुरी (17 गेंदों में नाबाद 21) और वेलिंगटन मसाकाद्जा (15 गेंदों में नाबाद 21) की उपयोगी पारियों की मदद से जिम्बाब्वे ने अपने 50 ओवरों में 271/8 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। बंगलादेश की ओर से तस्कीन अहमद सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवरों में 44 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि सैफ हसन और शोरिफुल इस्लाम को 2-2 विकेट मिले।

जवाब में, बंगलादेश को तंजीद हसन तमीम ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। उन्होंने 38 गेंदों में 46 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और एक छक्का शामिल था। ब्लेसिंग मुजारबानी ने सौम्य सरकार (नौ) रन को आउट किया और दसवें ओवर में न्यूमैन न्यामहुरी ने तंजीद का विकेट लिया, जिसके बाद बंगलादेश की पारी लड़खड़ा गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित