मोतिहारी , अक्टूबर 02 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले में जिउतियापर्व के पहले ही दिन अलग-अलग घटनाओं में 11 लोगों की मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के इनरवाभार पंचायत के वार्ड संख्या सात में हुई, जहां तालाब में स्नान करने के दौरान चार बच्चियों की डूबने से मौत हो गयी। मृतकों की पहचान प्रमोद महतो की पुत्रियों सोनामति (13) और फूलमती (10), वीरेंद्र महतो की पुत्री सोनाली कुमारी (10) तथा अच्छेलाल पासवान की पुत्री प्रतिमा कुमारी (12) के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार प्रमोद महतो की दोनों बेटियां पड़ोस की बच्चियों के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब में स्नान करने गयी थीं।

बंजरिया थाना क्षेत्र में मॉडल थाना भवन, बंजरिया जटवा जाने वाली सड़क के किनारे बाढ़ के पानी में डूबने से तीन युवकों की मौत हो गयी। पुलिस के अनुसार गोताखोरों की मदद से तीनों शव बरामद कर लिये गये।

मृतकों की पहचान चैलाहा टाल निवासी यश राज (17), पिता विनोद कुमार सिंह, समीर देवान (20), पिता बशीर देवान तथा शकील अंसारी (17), पिता साहेब अंसारी के रूप में हुई है। तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेजे गये हैं। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार ने भी तीन युवकों के शव बरामद होने की पुष्टि की है।

घोड़ासहन थाना क्षेत्र के निमुइया गांव में तालाब में डूबने से 14 वर्षीय काजल कुमारी की मौत हो गयी। वह रामबाबू साह की पुत्री थी। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

सूत्रों ने बताया कि जिले के आदापुर थाना क्षेत्र के कलवारी मंझरिया में 30 वर्षीय सुनीता देवी की हत्या कर दी गयी। उसके गर्दन और छाती पर जख्म के निशान मिले हैं।

रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नन्दनी कुमारी ने गले में फंदा लगाकर जान दे दी। वह संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मधुबनी गांव निवासी मुन्ना साह की पुत्री थी।

इधर, लखौरा थाना क्षेत्र के नजीरवा गांव निवासी 45 वर्षीय कृष्णा साह की रक्सौल थाना क्षेत्र में ट्रेन से कटकर मौत हो गयी।

पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने जिले में हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने 'यूनीवार्ता' को बताया कि पहाड़पुर में डूबकर मृत चार बच्चियों के परिजनों को तत्काल कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत सहायता दी गयी है। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन के तहत प्रत्येक मृतका के परिजन को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भेजा गया है।उन्होंने बताया कि डूबने से मृत अन्य चार लोगों के परिजनों को भी आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित