सुमात्रा , सितंबर 13 -- इंडोनेशिया के जावा सागर में फंसे इंडोनेशियाई यात्री जहाज से 102 लोगों को बचाया लिया गया है जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गयी है। यह जानकारी बीबीसी ने एक अधिकारी के हवाले से दी।

इंडोनेशिया की खोज एवं बचाव एजेंसी ने रविवार को बताया कि खराब मौसम का सामना करने के दौरान 'वर्गो ट्रांसपोर्ट-8' जहाज से संपर्क टूट गया जिसमें 243 लोग सवार थे। इसके बाद एक खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। बाकी यात्रियों की तलाश जारी है।

यह जहाज सुराबाया से दक्षिण कालीमंतन के शहर बंजारमासिन जा रही थी और रविवार को आधी रात के बाद दो बजे इसके बंजारमासिन से करीब 150 किलोमीटर दक्षिण में होने की आखिरी बार सूचना मिली थी।

घटनास्थल पर खोज एवं बचाव कार्य के लिए जहाज़ और एक हेलीकॉप्टर तैनात किये गये हैं। जावा सागर के उस इलाके में मौजूद अन्य सभी जहाज़ों को यात्रियों के बारे में कोई भी संकेत मिलने पर सूचना देने के लिए अलर्ट किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित