जालौन , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले की कालपी पुलिस ने गुरुवार को चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए शत-प्रतिशत सोने-चांदी के जेवरात, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 11 लाख रुपये है, तथा 18,080 रुपये नकद बरामद किए हैं।
क्षेत्राधिकारी राजेश कमल ने बताया कि ग्राम छौंक निवासी राजेश कुमार ने 26 अगस्त को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उसके घर में रखे जेवरात और रुपये चोरी कर ले गया। सूचना के आधार पर कोतवाली कालपी में धारा 331(4)/305 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान और विवेचना के दौरान प्रकाश में आए आरोपी रोहित कुमार (24) , निवासी ग्राम छौंक को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 18,080 रुपये नकद के अलावा हार, मंगलसूत्र, जंजीर, कान के टॉप्स, चूड़ियां, अंगूठी सहित सोने के जेवरात तथा कमरबंद, लच्छा, पायल, तोड़ियां, बिछिया आदि चांदी के जेवरात बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके बड़े भाई प्रशांत को दिल्ली की सब्जी मंडी में कारोबार के दौरान घाटा हो गया था और कर्ज हो गया था। इसी के चलते उसने मौका पाकर गांव में राजेश के घर में घुसकर चोरी की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित