जालौन , अगस्त 29 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आटा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने चार अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब दो कुंतल 27 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि क्षेत्राधिकारी राजेश कमल के नेतृत्व में थाना आटा पुलिस तथा स्वाट/सर्विलांस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो काले रंग की स्कॉर्पियो से जा रहे चार संदिग्धों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान वाहनों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव पंवार (45) निवासी शामली, वर्तमान पता बागपत, मो. आदिल (30), मोईन खान (24) निवासी शामली और शमीम (38) निवासी बागपत के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से गांजे के अलावा 5,100 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। दोनों स्कॉर्पियो वाहनों को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से कम कीमत पर गांजा खरीदकर झांसी, जालौन, कानपुर देहात, कानपुर नगर और आसपास के जिलों में राहगीरों तथा ग्राहकों को बेचते थे। इस संबंध में थाना आटा में मुकदमा अपराध संख्या 141/2026 के तहत धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपियों का आपराधिक इतिहास अन्य राज्यों और जनपदों से खंगाला जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित