जालौन , अक्टूबर 23 -- उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 में जालौन जिले के मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शुक्रवार को संपन्न हुए मतदान में कुल 54.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि पिछले निर्वाचन में मतदान का प्रतिशत 37.11 रहा था। इस प्रकार पिछले चुनाव की तुलना में इस बार मतदान प्रतिशत में 17.64 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
मतदान के दौरान जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। स्नातक मतदाताओं ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला प्रशासन के अनुसार, जनपद में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी समीर के निर्देशन में निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी के साथ संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों को निर्धारित दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए गए थे। प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदान व्यवस्था पर नजर बनाए रखी, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से पूरी हुई।
जिलाधिकारी समीर ने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने मतदान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने वाले मतदाताओं के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित