जालौन , सितंबर 17 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में आमखेड़ा-सरावन मार्ग पर गुरुवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि ग्राम उमरी निवासी विपिन (33) आज सुबह मोटरसाइकिल से आमखेड़ा-सरावन मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना छिरिया चौकी प्रभारी आलोक पाल को दी। चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई। जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान विपिन के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित