जालौन , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश मे जालौन जिले के कोतवाली कुठौंद क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर जालौन प्रवेश द्वार निर्माण कार्य के दौरान सटरिंग गिरने से पांच श्रमिक घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि औरैया बॉर्डर पर पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए जा रहे प्रवेश द्वार की सटरिंग दोपहर करीब 3:43 बजे अचानक भरभराकर गिर पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कुठौंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी शंकरपुर व अन्य पुलिस बल ने राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला।
घायलों में सुनील (28), रूपसिंह (40), गोविंद, रवि (32) और हीरो (28) शामिल हैं, जो सभी औरैया जिले के निवासी हैं। सभी को एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल औरैया भेजा गया। सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी हेमंत पटेल भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है तथा घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
प्रशासन ने निर्माण कार्य में लापरवाही की आशंका को देखते हुए संबंधित विभाग से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित