जालौन , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में शुक्रवार को गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियों की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी का महाअभियान बनाया जाए और सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करें। विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित बैठक में विभागवार माइक्रोप्लान, पौध उपलब्धता, गड्ढा खुदान, रोपण स्थलों के चयन, पौध उठान तथा वीआईपी वृक्षारोपण स्थलों की तैयारियों की समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा, नियमित सिंचाई, जियो-टैगिंग और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का आह्वान किया।

राज्य मंत्री ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को जन-जन का अभियान बनाने पर जोर देते हुए जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और आम नागरिकों से परिवार के साथ पौधारोपण करने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिए कि रोपण स्थलों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं मानक ऊंचाई के पौधों का चयन किया जाए तथा परिवहन और रोपण में तकनीकी मानकों का पालन हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित