जालौन , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश में जालौन के उरई शहर स्थित करमेर रोड के अष्टिका गेस्ट हाउस में शनिवार देर रात चल रहा एक शादी समारोह उस समय हिंसा में बदल गया, जब द्वारचार की रस्म के दौरान दूल्हा पक्ष पर अचानक हमला कर दिया गया। इस घटना में दूल्हे, उसके पिता, भाई समेत चार से पांच बाराती घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शादी का माहौल तनावपूर्ण हो गया। कालपी तहसील के तिरही निवासी प्रदीप कुमार पाल ने बताया कि उनके भाई की शादी के दौरान रात में 10 से 20 युवक अचानक पहुंचे और बिना किसी स्पष्ट कारण के हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर दुल्हन पक्ष के रिश्तेदार थे। घटना के बाद दूल्हा पक्ष ने शादी की रस्में रोक दीं, जिससे दुल्हन पूरी रात मंडप में इंतजार करती रही। दूल्हा पक्ष ने आरोपियों की गिरफ्तारी और घायलों के समुचित उपचार की मांग की।

बाद में स्थानीय लोगों और परिजनों के समझाने-बुझाने पर मामला शांत हुआ और सुबह शादी की रस्में संपन्न कराई गईं। सूचना पर पहुंची उरई कोतवाली पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित