जालौन , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में वरिष्ठ पत्रकार एव जिला प्रेस क्लब कालपी के संरक्षक राम प्रकाश पुरवार उर्फ 'ताऊजी' का शनिवार को उपचार के दौरान नोएडा में निधन हो गया। वह 78 वर्ष के थे।

उनके छोटे भाई एवं पीटीआई से मान्यता प्राप्त पत्रकार अशोक पुरवार ने बताया कि राम प्रकाश पुरवार पिछले एक सप्ताह से नोएडा के एक निजी अस्पताल में हृदय रोग के उपचार के लिये भर्ती थे। उनका ऑपरेशन सफलतापूर्वक हो चुका था और जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने वाली थी, लेकिन बीती देर शाम अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनका निधन हो गया।

उनके निधन की सूचना मिलते ही कालपी स्थित उनके आवास मोहल्ला राम चबूतरा पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। शनिवार सुबह से ही व्यापारी, पत्रकार, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, समाजसेवी एवं रिश्तेदार बड़ी संख्या में पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। राम प्रकाश पुरवार व्यापारिक, सामाजिक और पत्रकारिता जगत में लंबे समय से सक्रिय रहे। क्षेत्र में उन्हें 'ताऊजी' के नाम से विशेष पहचान प्राप्त थी। उनके निधन को कालपी के सामाजिक और पत्रकारिता क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को कालपी स्थित यमुना नदी के तट पर किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित