जालौन , मई 20 -- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अधिवक्ताओं के चैम्बर तोड़े जाने और पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को जालौन जिले के अधिवक्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान अंबेडकर चौराहे से कालपी रोड तक लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जालौन जिला बार एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में अधिवक्ता सड़क पर उतर आए और सरकार तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण कालपी रोड पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। कई वाहन जाम में फंसे रहे, जबकि एक एंबुलेंस भी लंबे समय तक जाम में फंसी रही, जिसे बाद में कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ऋषि पटेल और महासचिव डॉ. साधना त्रिपाठी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला। इस दौरान अधिवक्ताओं ने लखनऊ पुलिस की कार्रवाई को तानाशाहीपूर्ण बताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में मांग की गई कि 17 मई को लखनऊ में अधिवक्ताओं के चैम्बर तोड़ने और विरोध करने पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों को तत्काल बर्खास्त किया जाए तथा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही अधिवक्ताओं ने टूटे हुए चैम्बरों की वैकल्पिक व्यवस्था कराने तथा प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन अधिनियम लागू करने की भी मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित