जालौन , अगस्त 10 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में रेलवे स्टेशन और यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को जीआरपी उरई ने सोमवार तड़के गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के चार मोबाइल फोन और 2,600 रुपये नकद बरामद किए हैं।
थानाध्यक्ष जीआरपी उरई हेमंत कुमार सोलंकी ने बताया कि सोमवार रात करीब 1.22 बजे जीआरपी की टीम प्लेटफार्म नंबर एक के अंतिम छोर पर झांसी की ओर स्थित पुराने खंडहरनुमा माल गोदाम के आसपास संदिग्ध लोगों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान चार संदिग्धों को पकड़ लिया गया। तलाशी और पूछताछ के दौरान उनके पास से चोरी के मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत सिंह (25) निवासी सुलखना, थाना रेंढ़र, राहुल (20) निवासी भदेवरा, थाना कोंच, विशाल तिवारी उर्फ विशाल पंडित उर्फ चुन्नीलाल (24) निवासी परासन, थाना आटा और राजकुमार (21) निवासी हरदुआ खालसा, थाना मूसानगर, कानपुर देहात के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि रंजीत के कब्जे से रियलमी मोबाइल फोन और 200 रुपये, राहुल से इनटेल की-पैड मोबाइल फोन और 1,100 रुपये, विशाल से जियो भारत मोबाइल फोन और 300 रुपये तथा राजकुमार से रेडमी मोबाइल फोन और 1,000 रुपये बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक बरामद नकदी में चोरी का सामान बेचने के बाद आरोपियों के हिस्से में आए रुपये भी शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित