जालौन , मई 13 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में परिवहन विभाग ने मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और प्रतिबंधित हॉर्न लगाने वाले वाहनों के खिलाफ बुधवार को विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 10 वाहनों का चालान कर उन्हें निरुद्ध किया गया। वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सुरेश कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार तथा यात्री/मालकर अधिकारी विनय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में शहर के शहीद भगत सिंह चौराहे पर यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का उल्लंघन करने वाले दुपहिया वाहनों, विशेषकर बुलेट और स्पोर्ट्स बाइकों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान कई वाहनों में कंपनी मानकों के विपरीत लगाए गए आफ्टर मार्केट साइलेंसर पाए गए, जिनसे अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण हो रहा था।
प्रवर्तन टीम ने ऐसे 10 वाहनों के खिलाफ चालान और निरुद्ध करने की कार्रवाई की। इसके अलावा अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के भी चालान किए गए। अधिकारियों ने मौके पर ही कई वाहनों से अवैध साइलेंसर उतरवाकर जब्त कर लिए, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने करीब एक लाख रुपये का जुर्माना वसूला। विभागीय अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और शोर मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित