जालौन , जून 17 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कानपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अजनारी फ्लाईओवर के पास बुधवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे झांसी की ओर से आ रही कार अजनारी फ्लाईओवर के निकट अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में कार सवार अखिलेश तथा ब्रजराज की मौके पर ही मृत्यु हो गयी। मृतक मूल रूप से आजमगढ़ के निवासी थे और वर्तमान में दादरा एवं नगर हवेली (गुजरात) में रह रहे थे।

दुर्घटना में अभय, अनुराग तथा श्रीमती जीरा अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यातायात को सामान्य करा दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित