जालौन , सितंबर 7 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कोंच पुलिस और स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने सिमिरिया गांव में बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर की गई डकैती का खुलासा करते हुए सोमवार को मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि 4/5 सितंबर की रात सिमिरिया गांव निवासी रघुवीर अहिरवार के घर में अज्ञात बदमाश तमंचा दिखाकर घुस गए थे। बदमाशों ने बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर संदूक में रखे चांदी के सिक्के, चांदी के जेवरात और नकदी लूट ली थी। पीड़ित की तहरीर पर पांच सितंबर को कोतवाली कोंच में मुकदमा अपराध संख्या 188/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। सोमवार को चेकिंग के दौरान संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रवि अहिरवार पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसके दो साथियों जमील अहमद और प्रमोद उर्फ चीकू को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध असलहा, खोखा और जिंदा कारतूस, पीली एवं सफेद धातु के जेवरात, 35 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने सिमिरिया गांव में बुजुर्ग दंपति के घर डकैती की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित