जालौन , मई 10 -- उत्तर प्रदेश की जनपद जालौन में रविवार को जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जगनेवा में बंधुआ मजदूरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
पुलिस ने एक मकान में बंधक बनाकर रखे गए चार मजदूरों को मुक्त कराते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका बेटा फरार बताया जा रहा है। मुक्त कराए गए चार लोगों में तीन की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं पाई गई।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि सूचना मिली थी कि हरिहर प्रसाद दांत्रे अपने घर में चार व्यक्तियों को बंधक बनाकर मारपीट करते हुए जबरन मजदूरी करा रहा है। सूचना पर कोतवाली जालौन पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और चार मजदूरों को मुक्त कराया। पुलिस ने आरोपी हरिहर प्रसाद दांत्रे (71) पुत्र स्व. काशी प्रसाद दांत्रे निवासी जगनेवा को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली जालौन में मुकदमा संख्या 93/2026 के तहत धारा 137(2), 127, 115(2) बीएनएस तथा बंधुआ मजदूर प्रणाली उन्मूलन अधिनियम 1976 की धारा 16 में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने बेटे अवधेश कुमार उर्फ बबलू के साथ राह चलते आर्थिक और मानसिक रूप से कमजोर लोगों को बहला-फुसलाकर घर लाता था और उनसे मजदूरी कराता था। विरोध करने पर मारपीट कर उन्हें डराया-धमकाया जाता था। प्रेमचन्द्र पुत्र बलीराम ग्राम कछुआ कला थाना जरिया जनपद हमीरपुर उम्र करीब 32 वर्ष अनिल पुत्र श्याम सुन्दर विजय नगर दिल्ली उम्र करीब 45 वर्ष वीरेन्द्र पुत्र छेगे लाल नि0 बरेली उम्र करीब 30 वर्ष । धर्मेन्द्र पुत्र लल्लू नि0 ग्राम बेगए थाना राठ जनपद हमीरपुर उम्र करीब 30 वर्ष मुक्त कराए गए है। पुलिस फरार बेटे की तलाश में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित