जालौन , मई 18 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली उरई पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने सोमवार को बताया कि बीती देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी के विभिन्न मामलों में वांछित अपराधी सुनील कुशवाहा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चुर्खी चौराहे से इकलासपुरा चौराहे के मध्य मरघट के पीछे संपर्क मार्ग पर घेराबंदी की।
उन्होंने बताया कि पुलिस से घिरता देख आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस कर्मियों ने बचाव करते हुए जवाबी एवं नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील कुमार कुशवाहा (28) पुत्र रामऔतार निवासी ग्राम बघावली थाना रामपुरा जनपद जालौन के रूप में हुई है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी पर चोरी, नकबजनी और गैंगस्टर एक्ट समेत 13 मुकदमे दर्ज हैं। वह चार मामलों में वांछित चल रहा था तथा माधौगढ़ क्षेत्र में दर्ज गैंग मामले का भी सदस्य बताया गया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित