जालौन , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन उरई में आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती 2025-26 बैच के प्रशिक्षुओं का दीक्षांत परेड समारोह गरिमामय और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर 387 नवप्रशिक्षित आरक्षियों ने कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा का संकल्प लिया। समारोह में प्रशिक्षुओं ने आकर्षक और उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों और दर्शकों का मन मोह लिया। उनके सधे कदम, अनुशासन और एकरूपता को देखकर पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरी ने सुबह 8:30 बजे परेड की सलामी ली और टुकड़ियों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी तथा क्षेत्राधिकारी लाइन शैलेन्द्र कुमार बाजपेई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह आठ बजे परेड कमांडर द्वारा टुकड़ियों को मैदान में लाने से हुई। इसके बाद अधिकारियों का आगमन और मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया। दीक्षांत परेड के दौरान प्रशिक्षुओं ने आत्मविश्वास, अनुशासन और तालमेल का शानदार प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि इस बैच में कुल 388 प्रशिक्षुओं ने 10 माह का कठोर प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिनमें से 387 प्रशिक्षु सफलतापूर्वक उत्तीर्ण होकर पासआउट हुए। एक प्रशिक्षु चोट के कारण परीक्षा में शामिल नहीं हो सका, जिसे बाद में अवसर दिया जाएगा।
समारोह के दौरान पुलिस महानिदेशक और मुख्यमंत्री के संदेश भी प्रसारित किए गए, जिनमें नवआरक्षियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया गया।
मुख्य अतिथि श्री कुलहरी ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने नवआरक्षियों से अपेक्षा की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित