जालौन , सितंबर 21 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में सोमवार को जिले की सड़कों को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर सोमवार से गड्ढामुक्ति अभियान शुरू कर दिया गया।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए चिन्हित मार्गों पर लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क की खराब सतह और गड्ढों की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण में उरई क्षेत्र के पांच मार्गों की कुल 63 किलोमीटर लंबाई को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान के तहत कोंच-पहाड़गांव-कमतरि मार्ग के 15 किलोमीटर तथा बंगरा रेडर-लगामपुरा मार्ग के 15 किलोमीटर हिस्से में मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। इसके अलावा हमीरपुर-कालपी मार्ग के 20 किलोमीटर, आटा-चुर्खी मार्ग से नूरपुर संपर्क मार्ग के तीन किलोमीटर तथा जालौन-चुर्खी मार्ग के 10 किलोमीटर हिस्से को भी गड्ढामुक्त किया जाएगा।

जिलाधिकारी के निर्देश के बाद संबंधित खंडों के अधिशासी अभियंताओं ने चिन्हित मार्गों पर कार्यवाही शुरू कर दी है। हमीरपुर-कालपी मार्ग एसएच-91 श्रेणी का है, जबकि अन्य मार्गों में ओडीआर और ग्रामीण संपर्क मार्ग शामिल हैं। जिला प्रशासन के अनुसार अभियान का उद्देश्य सड़क की स्थिति में सुधार के साथ राहगीरों और वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। गड्ढामुक्ति कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से आगामी चरणों में आवश्यकता के अनुसार अन्य खराब मार्गों को भी अभियान में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित