जालौन , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने बुधवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन स्कूली वाहनों और तीन स्लीपर बसों सहित छह वाहनों को निरुद्ध कर दिया गया।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार ने बताया कि यह अभियान जिला विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों तथा जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशों के अनुपालन में चलाया गया। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार तथा यात्री/मालकर अधिकारी आनंद राय कुरिल के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में विद्यालयी वाहनों, यात्री वाहनों और अन्य व्यावसायिक वाहनों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान सुरक्षा मानकों एवं परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन विद्यालयी वाहनों का चालान कर उन्हें संबंधित थानों में निरुद्ध कराया गया। वहीं तीन स्लीपर बसें सवारियों के साथ माल ढुलाई करते हुए पाई गईं। इसे गंभीर नियम उल्लंघन मानते हुए उनके विरुद्ध भी चालान की कार्रवाई कर बसों को संबंधित थानों में खड़ा कराया गया। अभियान के दौरान अन्य परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों के भी चालान किए गए।
परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों को चेतावनी दी है कि यात्री वाहनों का उपयोग माल ढुलाई के लिए किए जाने पर भविष्य में और कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विद्यालय प्रबंधकों एवं वाहन संचालकों से अपील की गई है कि सभी विद्यालयी वाहनों का संचालन वैध दस्तावेजों, फिटनेस प्रमाणपत्र एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जाए तथा वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक छात्रों को न बैठाया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित