जालौन , मई 28 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले की कुठौंद थाना पुलिस ने धर्म परिवर्तन कराने की आशंका के मामले में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध रोकथाम अभियान के तहत की गई। प्रभारी निरीक्षक कुठौंद ने गुरुवार को बताया कि 27 मई की देर रात वादी पंकज शुक्ला पुत्र ओम शुक्ला निवासी कुठौंद ने थाना में तहरीर देकर आरोप लगाया कि विवेक कुमार पुत्र स्वर्गीय रामकुमार निवासी ग्राम सिरसाकलार, मोहित चौधरी पुत्र रामदास दोहरे निवासी ग्राम हीरापुरा थाना जालौन तथा अमित पुत्र संतोष कुमार निवासी ग्राम ऊद थाना सिरसाकलार जनपद जालौन विभिन्न जिलों के लोगों को कथित रूप से बहला-फुसलाकर और प्रलोभन देकर ईसाई प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए लखनऊ ले जा रहे थे।
तहरीर के अनुसार जालौन से नौ महिलाएं और चार पुरुष, भिंड (मध्यप्रदेश) से चार महिलाएं, औरैया से दो महिलाएं, इटावा से दो महिलाएं तथा कन्नौज से एक महिला इस समूह में शामिल थीं। शिकायत में आशंका जताई गई कि इन लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा सकता है।
पुलिस ने वादी की तहरीर के आधार पर थाना कुठौंद में मुकदमा अपराध संख्या 73/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 61 और 318 तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3/5(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित