जालौन , अगस्त 18 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले की कोतवाली उरई पुलिस ने मंगलवार को मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 14 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत कुल 15 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के नेतृत्व में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 अगस्त को कोतवाली उरई पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान आनंद (27) निवासी महुआखेड़ा, थाना समथर, जनपद झांसी और मोनू यादव (32) पुत्र रहीश निवासी राजापुर, थाना रक्शा, जनपद झांसी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे झांसी के आसपास के दतिया, शिवपुरी, ललितपुर, हमीरपुर और जालौन सहित अन्य जिलों में मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। इसके बाद मास्टर चाबी से लॉक तोड़कर वाहन चोरी कर उरई के फैक्ट्री एरिया में छिपा देते थे। चोरी के वाहनों का सौदा 20 से 25 हजार रुपये में करते थे तथा ग्राहक से 10 से 15 हजार रुपये एडवांस लेकर वाहन दे देते थे। शेष रकम कागजात सौंपते समय लेने की बात तय होती थी।

पुलिस ने इस संबंध में कोतवाली उरई में मुकदमा अपराध संख्या 481/2026, धारा 303(2), 317(2), 317(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित