जालौन , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में थाना रामपुरा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए 10 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह चोरी की मोटरसाइकिलें तथा उनके पार्ट्स बरामद किए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने शनिवार को बताया कि थाना रामपुरा में मोटरसाइकिल चोरी के संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 66/2026, 67/2026 एवं 68/2026 दर्ज किए गए थे। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने चेकिंग के दौरान 10 आरोपियों को चोरी की छह मोटरसाइकिलों और उनके पार्ट्स के साथ गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह के सदस्य विभिन्न स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलने पर चाबी से लॉक खोलकर वाहन चोरी कर लेते थे और लॉक नहीं खुलने पर उसे तोड़ देते थे। चोरी के वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उनकी नंबर प्लेट बदल दी जाती थी। कुछ मोटरसाइकिलों को बेच दिया जाता था, जबकि कई वाहनों के पार्ट्स अलग कर कबाड़ियों को बेच दिए जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरदीप चंदेल उर्फ बंटी, शहाबुद्दीन उर्फ बुब्बा उर्फ लला, खुर्शीद अहमद, नमन तिवारी, सुरजीत कुमार शुक्ला, बबलू खां, इकरार अहमद, मंगल कुशवाहा, जीशू चतुर्वेदी तथा शिवम मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित