जालौन , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित होने के बीच जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। जिलाधिकारी ने शनिवार को पेट्रोल पंप संचालकों और गैस डीलरों के साथ समीक्षा बैठक कर जनपद में ईंधन और रसोई गैस की उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है। समीक्षा के दौरान विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से गैस सिलेंडरों की उपलब्धता संतोषजनक पाई गई। वर्तमान में जनपद में 10,223 घरेलू गैस सिलेंडर, 19 किलोग्राम क्षमता के 767 कमर्शियल सिलेंडर तथा 5 किलोग्राम के 177 सिलेंडर उपलब्ध हैं।

इसी प्रकार पेट्रोल पंपों पर भी पर्याप्त मात्रा में ईंधन का भंडारण सुनिश्चित किया गया है। जिले में 2,130 किलोलीटर डीजल और 1,276.7 किलोलीटर पेट्रोल उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि शादी-विवाह जैसे अवसरों पर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की कोई समस्या न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही होम डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी बनाते हुए समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को भी ईंधन की उपलब्धता में पारदर्शिता बनाए रखने और स्टॉक का नियमित अद्यतन करने के निर्देश दिए। कृत्रिम कमी उत्पन्न करने या जमाखोरी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित