जालौन , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गेहूं खरीद व्यवस्था को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को जालौन और कोंच स्थित विभिन्न गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पीसीएफ जालौन के कृषक सेवा केंद्र जालौन सहित बी-पैक्स सिहारी, जगनेवा, गढ़गुवा और खर्रा के केंद्र प्रभारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित केंद्र प्रभारियों का एक दिन का वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी केंद्र प्रभारी नियमित रूप से केंद्रों पर उपस्थित रहकर गेहूं खरीद प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करें, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। केंद्रीय उपभोक्ता भंडार के एक केंद्र प्रभारी के अनुपस्थित पाए जाने पर बताया गया कि वह ई-पॉस मशीन ठीक कराने गए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी भी आवश्यक कार्य से बाहर जाने की स्थिति में भ्रमण पंजिका में स्पष्ट उल्लेख किया जाए।
निरीक्षण में कई केंद्रों पर गेहूं का नियमित उठान नहीं होने की बात भी सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश देते हुए बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित