जालौन , मई 15 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे-27 पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम करमचंद इटौरा निवासी युवक अपनी मां और बहन रोजी (16) को बाइक से पुखरायां लेकर जा रहा था। इसी दौरान जोल्हूपुर और कालपी के बीच चौहान ढाबा के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।

राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस और 108 एम्बुलेंस को दी। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने किशोरी रोजी को मृत घोषित कर दिया। मां और भाई का उपचार जारी है।

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित