जालौन , अक्टूबर 18 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में जोल्हूपुर-मदारीपुर मार्ग पर जहटौली गांव के पास शनिवार रात सड़क किनारे खड़े डंपर में वैन घुसने से चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से वैन में फंसे चालक के शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जखा निवासी इंद्रसेन चौहान (30) शनिवार रात करीब 10 बजे वैन से सवारियों को छोड़ने के बाद अकेले अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान जहटौली गांव के पास सड़क किनारे धुलाई के लिए खड़े डंपर में उसकी वैन पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी वरुण प्रताप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद वैन से चालक का शव बाहर निकलवाया।

इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे की खबर से मृतक के परिजनों में शोक छा गया। पुलिस घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित