जालौन , अप्रैल 16 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गुरुवार को पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 'ऑपरेशन दहन' अभियान के तहत भारी मात्रा में नशीले पदार्थों का विनष्टीकरण किया। अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी ने बताया कि जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज मादक पदार्थों से संबंधित मामलों में बरामद कुल 680 किलोग्राम नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया। यह कार्रवाई राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई की इंसुलेटर भट्टी में विधिवत प्रक्रिया के तहत संपन्न हुई।
पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थ 26 अलग-अलग मुकदमों से संबंधित थे, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग चार करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना तथा समाज में जागरूकता बढ़ाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित