जालौन , मार्च 18 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में आटा थाना क्षेत्र के सुनहेटा गांव निवासी 50 वर्षीय ब्रकपाल का शव मंगलवार देर रात कुटरा के जंगलों में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्रकपाल मंगलवार शाम से लापता थे, जिसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी थी। देर रात ग्रामीणों के साथ खोजबीन के दौरान उनका शव जंगल के अंदर पड़ा मिला। मृतक का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला। उनके कपड़े कुछ दूरी पर पड़े हुए थे। शरीर पर चोट और खरोंच के निशान पाए जाने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक के बेटे कल्लू ने गांव के ही गजोधर, वीरभान, उदयभान और मनोज यादव पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि ब्रकपाल को पहले से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं और आरोपियों ने मौका पाकर उनकी हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आटा थाना प्रभारी रुद्र कुमार तिवारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित