जालौन , अगस्त 6 -- उत्तर प्रदेश में जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनहित एवं शासकीय कार्यहित को ध्यान में रखते हुए चार तहसीलदारों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार तहसीलदार कालपी अभिनव तिवारी का स्थानांतरण तहसीलदार जालौन के पद पर किया गया है। तहसीलदार उरई श्रीश कुमार मिश्रा को तहसीलदार कालपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं तहसीलदार मनोज कुमार को तहसीलदार उरई तथा तहसीलदार (न्यायिक) उरई गौरव कुमार को तहसीलदार माधौगढ़ के पद पर तैनात किया गया है।
जिलाधिकारी ने आदेश में स्पष्ट किया है कि संबंधित अधिकारी अपनी नवीन तैनाती वाली तहसीलों में प्रशासनिक एवं राजस्व दायित्वों के साथ-साथ नियमित नियुक्ति होने तक तहसीलदार (न्यायिक) के रिक्त पद का कार्य भी संपादित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य न्यायिक एवं प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखना, राजस्व संबंधी कार्यों में तेजी लाना तथा आमजन को समयबद्ध और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना है।
प्रशासन की ओर से सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तत्काल अपने नए कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण कर शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप राजस्व प्रशासन, कानून-व्यवस्था तथा जनसुनवाई से जुड़े कार्यों का प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित