जालौन , अप्रैल 4 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में ग्राम पंचायत रूदावली (विकासखंड नदीगांव) में विकास कार्यों में पाई गई अनियमितताओं पर जिलाधिकारी ने सख्त कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया है तथा ग्राम प्रधान को नोटिस जारी किया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शिकायत के आधार पर गठित जांच समिति ने इंटरलॉकिंग निर्माण में कमी तथा वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि की। जांच में लगभग 1.25 लाख रुपये की रिकवरी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रकरण में ग्राम पंचायत सचिव रोहित कुमार की भूमिका संदिग्ध पाए जाने तथा जांच में सहयोग न करने और अभिलेख उपलब्ध न कराने के आरोप में उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
वहीं ग्राम प्रधान जाकिर हुसैन को पंचायत राज अधिनियम की धारा 95-जी के तहत नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि भ्रष्टाचार और कर्तव्यहीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित