जालौन , अप्रैल 02 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को बड़ी राहत देते हुए प्रशासन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 8,387 किसानों को कुल 4.03 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने गुरुवार को बताया कि बाढ़ और अतिवृष्टि से हुई फसल क्षति के आकलन के लिए व्यापक सर्वे कराया गया, जिसके आधार पर पात्र किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। प्रशासन के अनुसार, बाढ़ से 3,794.95 हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें नष्ट हुईं, जिसके लिए 7,684 किसानों को 3,35,33,625 रुपये की राहत दी गई। वहीं अतिवृष्टि से 789.48 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ, जिसमें 703 किसानों को 68,62,958 रुपये की सहायता प्रदान की गई।

इस प्रकार कुल 8,387 किसानों को 4,03,96,583 रुपये की राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप प्रशासन किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है और किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में त्वरित सर्वे कर पारदर्शी तरीके से राहत दी जाती है, ताकि किसान दोबारा खेती के लिए सक्षम हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी फसल क्षति के मामलों में समयबद्ध सहायता सुनिश्चित की जाए और कोई भी पात्र किसान राहत से वंचित न रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित