जालौन , अक्टूबर 23 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के रामपुरा क्षेत्र में गुरुवार रात एक पेट्रोल पंप के पास करीब ढाई मीटर लंबा अजगर मिला, जबकि शुक्रवार सुबह भिटौरा गांव के जंगल में करीब 40 फीट गहरे सूखे कुएं में एक तेंदुआ गिरा मिला। वन विभाग ने अजगर को रेस्क्यू कर लिया है, जबकि तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए टीम रवाना की गई है।
वन्यजीव विशेषज्ञ रंजीत सिंह ने बताया कि रामपुरा में माधौगढ़ रोड स्थित काली फिलिंग स्टेशन के कर्मचारियों ने गुरुवार रात अजगर देखकर वन विभाग को सूचना दी थी। मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे भिटौरा गांव निवासी माधोसिंह यादव अपने खेत में लाही की फसल देखने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें किसी जंगली जानवर के दहाड़ने की आवाज सुनाई दी। आवाज कुएं के भीतर से आने का संदेह होने पर उन्होंने आसपास के ग्रामीणों को जानकारी दी।
ग्रामीणों ने कुएं में झांककर देखा तो उसमें तेंदुआ गिरा हुआ था। इसके बाद पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और वन विभाग को भी इसकी जानकारी दी गई।
वन्यजीव विशेषज्ञ के अनुसार, तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वन विभाग की रेस्क्यू टीम रवाना कर दी गई है। टीम के पहुंचने के बाद बचाव अभियान चलाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित