जालौन , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में भीषण गर्मी के बीच गोवंशों की सुरक्षा और समुचित देखभाल को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने रविवार को विकासखंड डकोर के ग्राम पिया निरंजनपुर स्थित बृहद गौशाला का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गर्मी के प्रभाव को देखते हुए गोवंशों के लिए पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि चरही में प्रतिदिन साफ और ठंडा पानी भरा जाए, जिससे पशुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने गौशाला परिसर में पांच एकड़ में की गई हरे चारे की बुवाई का निरीक्षण करते हुए नियमित रूप से हरा चारा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बढ़ती गर्मी को देखते हुए अतिरिक्त शेड निर्माण के भी निर्देश दिए गए, ताकि गोवंशों को पर्याप्त छाया मिल सके। निरीक्षण के दौरान भूसा, चना चोकर सहित पशु आहार का पर्याप्त भंडारण पाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसकी निरंतर उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित