जालौन , अक्टूबर 18 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ईशान सोनी ने बताया कि विजय दशमी पर्व एवं नवरात्रि मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने क्षेत्राधिकारी नगर राजीव शर्मा के साथ उरई नगर के प्रमुख दुर्गा पंडालों, रामलीला मैदानों और मंदिरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा, इलेक्ट्रॉनिक सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने मूर्ति विसर्जन मार्गों तथा रामलीला मैदानों में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग, आवागमन और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी धार्मिक स्थलों और आयोजन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित