जालौन , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कानपुर-झांसी हाईवे पर गुरुवार सुबह एट थाना क्षेत्र के कोटरा पुल के पास स्कूली बच्चों से भरी एक ओमनी वैन को पीछे से आ रही अज्ञात डीसीएम ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरी।

हादसे के समय वैन में चालक और शिक्षक समेत 13 बच्चे सवार थे। दुर्घटना में एक बच्चे को चोट आई, जिसे उपचार के लिए उरई अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद निजी स्कूलों में बच्चों के सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब नौ बजे ग्राम कुरकुरु से बच्चों को लेकर ओमनी वैन एट स्थित अंकुरण प्ले स्कूल जा रही थी। कोटरा पुल के नजदीक पीछे से आ रही डीसीएम ने वैन में टक्कर मार दी। इससे वैन सड़क से नीचे खंती में जा गिरी। हादसे के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से वैन में सवार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अंश नामक बच्चे के नाक के पास चोट लगने पर उसे उपचार के लिए उरई भेजा गया। वैन चालक और शिक्षक को भी हल्की चोटें आने की जानकारी मिली है।

टक्कर मारने के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन की तलाश में जुटी है। थाना अध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने बताया कि सभी बच्चों को सुरक्षित निकालकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित