बारां , अप्रैल 09 -- राजस्थान में बारां जिले के जालेडा से हनोतिया के बीच पार्वती नदी पर आठ करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुलिया का लोकार्पण किया गया है।

इस मौके पर सांसद दुष्यंत सिंह के मुख्य आतिथ्य एवं विधायक राधेश्याम बैरवा की मौजूदगी सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

श्री सिंह ने इस मौके पर कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, पुल और आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह पुलिया लंबे समय से क्षेत्र की जरूरत थी, जिसके निर्माण से अब जालेडा, हनोतिया सहित आसपास के कई गांवों के हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से बरसात के समय पार्वती नदी में पानी बढ़ने पर लोगों को होने वाली परेशानी अब समाप्त हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातारकार्य कर रही है। सड़कों और पुलों के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होता है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।

श्री बैरवा समेत ग्रामीणों ने भी पुलिया निर्माण पर खुशी जताते हुए कहा कि बरसात के दौरान नदी में पानी आने से आवागमन बाधित हो जाता था। कई बार लोगों को लंबा चक्कर लगाकर जाना पड़ता था। अब इस पुलिया के बनने से समय की बचत होगी और क्षेत्र के गांव सीधे मुख्य मार्गों से जुड़ सकेंगे।

कार्यक्रम के दौरान विधायक बैरवा ने कहा कि यह पुलिया क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीणों को राहत मिलने के साथ-साथ क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पुलिया निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित