जालना , मार्च 17 -- महाराष्ट्र में जालना जिले के उत्वाद क्षेत्र में एक गैस एजेंसी के गोदाम से 110 गैस सिलेंडर चोरी होने की एक बड़ी घटना सामने आयी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह चोरी आनंद भारत गैस एजेंसी के गोदाम में हुई, जहां से 96 घरेलू सिलेंडर, 12 व्यावसायिक सिलेंडर और दो 5 किलोग्राम वाले व्यावसायिक सिलेंडर गायब पाए गए हैं। एजेंसी के प्रबंधक सिद्धार्थ आधव ने सिलेंडर चोरी की शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर मौजपुरी थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

रसोई गैस सिलेंडरों की वर्तमान किल्लत के बीच हुई इस घटना ने चिंता बढ़ा दी है और स्थानीय निवासियों ने गैस एजेंसियों एवं गोदामों के लिए पुलिस सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

इस बीच आपूर्ति विभाग ने घनसावंगी और भोकरदन क्षेत्रों में गैस के अवैध उपयोग के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। कुल 27 स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें भोकरदन में आठ और घनसावंगी में सात घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए। होटलों, रेस्तरां और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के निरीक्षण में यह बात सामने आई कि व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए अनाधिकृत रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा था। अधिकारियों ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए 15 सिलेंडर जब्त किए हैं।

प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार चोरी हुए सिलेंडरों की कीमत 4.5 लाख रुपये से अधिक है। पुलिस ने बताया कि चोरी रविवार देर रात तब हुई जब एजेंसी बंद थी और मामला सोमवार सुबह प्रकाश में आया। बताया जा रहा है कि चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर सिलेंडरों पर हाथ साफ किया। इस घटना ने गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि घटना के समय वहां कोई सुरक्षा गार्ड या कर्मचारी मौजूद नहीं था। पुलिस फिलहाल मामले की आगे की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित