जालंधर , सितंबर 20 -- पंजाब बिजली विभाग के प्रवर्तन प्रकोष्ठ ने रविवार को जालंधर, नकोदर, होशियारपुर और कपूरथला क्षेत्रों में छापेमारी कर चार अवैध ट्यूबवेल मोटर कनेक्शन पकड़े और बिजली चोरी के मामलों में कुल 6.44 लाख रुपये जुर्माना लगाया।
विभाग के अनुसार, शाहकोट के निकट गांव बाऊपुर में एक उपभोक्ता के स्वीकृत मोटर कनेक्शन के साथ करीब 15-20 मीटर दूर बिना ट्यूबवेल कमरे के एक अन्य बोर में 10 हॉर्सपावर की मोटर चोरी की बिजली से चलती मिली। मौके पर कनेक्शन काटकर केबल जब्त की गई तथा 1.50 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया।
होशियारपुर के गढ़दीवाला क्षेत्र के गांव राणा में 12.5 हॉर्सपावर की अवैध मोटर पकड़ी गई, जिसे कथित तौर पर पास से गुजर रही एलटी लाइन से डंडियों की मदद से सीधे जोड़कर चलाया जा रहा था। इस मामले में 1.98 लाख रुपये जुर्माना किया गया।
कपूरथला जिले के सुल्तानपुर क्षेत्र के गांव सताबगढ़ में 10 हॉर्सपावर की अवैध मोटर पकड़े जाने पर 1.60 लाख रुपये तथा जालंधर के भोगपुर क्षेत्र के गांव सत्तोवाली में 20 हॉर्सपावर की मोटर के अवैध कनेक्शन पर 1.36 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया।
विभाग ने बताया कि सभी अवैध कनेक्शन मौके पर काट दिए गए और बिजली चोरी में इस्तेमाल स्टाटर और केबल जब्त कर संबंधित उपमंडल कर्मचारियों को सौंप दिए गए हैं। बिजली चोरी के मामलों में संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जा चुकी है तथा सताबगढ़ और सत्तोवाली के उपभोक्ताओं से जुर्माने की राशि वसूल की जा चुकी है। प्रवर्तन प्रकोष्ठ की विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित