जालंधर , मई 19 -- पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह सुखानंद ने मंगलवार को स्थानीय रायजादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम में चार दिवसीय पंजाब स्टेट सब-जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट का उद्घाटन किया ।
मुख्य अतिथि सुखानंद ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित किया जा सके। उन्होंने कहा कि पंजाब के इतिहास में पहली बार खेल बजट को 350 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1,791 करोड़ रुपये किया गया है, जो खेल विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के मानद सचिव रितिन खन्ना ने बताया कि टूर्नामेंट को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। राज्य के 23 जिलों से करीब 400 खिलाड़ियों की 600 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं।प्रतियोगिता में अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग के लड़के और लड़कियों की 10 स्पर्धाओं में मुकाबले होंगे। अगले चार दिनों में कुल 500 मैच खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबले 22 मई को आयोजित किए जाएंगे। विजेताओं को नकद पुरस्कार और अन्य आकर्षक इनाम दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों और कोचों की सुविधा के लिए भोजन और रिफ्रेशमेंट की विशेष व्यवस्था भी की गई है।
इस अवसर पर राज्य के युवा बैडमिंटन खिलाड़ियों स्वर्गीय मयंक शर्मा और साहिब को श्रद्धांजलि दी गई, जिनकी अलग-अलग सड़क हादसों में मृत्यु हो गई थी। उनकी स्मृति में अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग में दो रनिंग ट्रॉफियां शुरू की गई हैं।
जालंधर की अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी मान्य रल्हन को फ्रांस में आयोजित सेंट डेनिस ओपन में कांस्य पदक जीतने पर मुख्य अतिथि द्वारा 31 हजार रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर डीबीए कोषाध्यक्ष पलविंदर जुनेजा, हरप्रीत सिंह, जसवंत सिंह, पंजाब मसीह, धीरज शर्मा, सचिन रत्ती, वरुण कुमार सहित बैडमिंटन जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित