जालंधर , अगस्त 10 -- पंजाब में जालंधर ग्रामीण पुलिस ने फिल्लौर में किराना दुकान पर हुई लूट के मामले को सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई रकम में से 6,600 रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का दातर बरामद किया है।
फिल्लौर के पुलिस उपअधीक्षक भारत मसीह लाधड़ ने सोमवार को बताया कि भंडेरा मोहल्ला, फिल्लौर निवासी प्रेम सागर पुत्र मुलख राज के बयान पर थाना फिल्लौर में 7 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार एक अज्ञात व्यक्ति उसकी किराना दुकान में दाखिल हुआ और धारदार हथियार (दातर) दिखाकर उसे धमकाया तथा 15 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गया।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इन सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान की गयी और नौ अगस्त 2026 को शानी बाबा पुत्र रमेश, निवासी खड्ड मोहल्ला, जगतपुरा पंजढेरा, थाना फिल्लौर, जिला जालंधर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के दौरान 6,600 रुपये भारतीय मुद्रा बरामद की, जिसे कथित तौर पर लूटी गई रकम का हिस्सा बताया जा रहा है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का दातर भी बरामद किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि आरोपी कथित रूप से नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी लूट और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित