जालंधर , सितंबर 18 -- पंजाब में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने बस्ती बावा खेल थाना क्षेत्र से लापता हुए चार वर्षीय बच्चे को त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे बच्चे के लापता होने की सूचना मिली थी।

एसीपी पश्चिम आतिश भाटिया ने शुक्रवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक्टिवा सवार दो व्यक्ति बच्चे को अपने साथ ले गए थे। इसके बाद बस्ती बावा खेल थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीमों ने आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर बच्चे की तलाश तेज की।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और आम लोगों, परिजनों तथा सोशल मीडिया एवं अन्य सूचना साझा करने वाले माध्यमों के सहयोग से बच्चे को सुरक्षित ढूंढ लिया गया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे परिजनों/अभिभावकों को सौंप दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी बच्चे के लापता होने या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित