जालंधर , सितंबर 25 -- पंजाब में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने मोटरसाइकिल की टक्कर को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति पर कथित रूप से धारदार हथियार से हमला करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस आयुक्तालय द्वारा शनिवार को यहां जारी बयान के अनुसार, 24 सितंबर को सिविल अस्पताल से सूचना मिली थी कि ईदगाह मोहल्ला, गढ़ा निवासी मिंटू गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उसका बयान दर्ज किया। घायल ने बताया कि मोटरसाइकिल की टक्कर को लेकर पहले विवाद हुआ था। बाद में वह अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था, तभी इसी बात को लेकर दोबारा विवाद हो गया। इस दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर उस पर दातर से हमला कर दिया।
इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर सात में 24 सितंबर को भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109, 126(2) और 3(5) के तहत प्राथमिकी संख्या 245 दर्ज की गई।
पुलिस ने मामले में चेतन (20) और लुईस (लगभग 18 वर्ष) दोनों निवासी वाल्मीकि मोहल्ला, गढ़ा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दातर भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित